Wednesday, October 28, 2020

बेरुखी अच्छी

 इश्क़ के छलावे से आपकी बेरुखी अच्छी, 

जहाँ जज्बात शून्य हो,वहाँ आपकी कमी अच्छी।


जहाँ बात होती हो फक़त इश्क़-ए-मजाज़ी की,

खुद को चूमकर,खुदी से दिल्लगी अच्छी।


ढूँढ लें उसे जिसमे छवि कायनात की दिखती हो,

जिसे इंतज़ार हो आपका,वो इश्क़-ए-हक़ीकी अच्छी।


गर इंतज़ार लंबा हो,आप सब्र कर लेना,

आरज़ू-ए-मोहब्बत में ये तिश्नगी अच्छी।


हमेशा चाँद सा "रौशन" रहे, आपका नूरानी चेहरा,

आपके हिलते लबो पर ये हँसी अच्छी।।

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

शब्द संकलन:-

फक़त-सिर्फ/only; इश्क़-ए-मजाज़ी-शारीरिक प्यार/physical love;इश्क़-ए-हक़ीकी-divine love; तिश्नगी-प्यास/thirst

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

Ishq ke chhlave se aapki berukhi achhi,

Jahan zazbat sunya ho,wahan aapki kami achhi.


Jahan baat hoti ho,fakat ishq-e-mazazi ki,

Khud ko chumkr,khudi se dillagi achhi.


Dhundh lein usse,jisme chhavi kaynat ki dikhti ho,

Jise intzar ho aapka,woh ishq-e-hakiki achhi.


Gar intzar lamba ho aap sbra kar lena,

Aarzu-e-mohabbat mein,ye tishnagi achhi.


Hmesha chand sa "raushan" rhe aapka noorani chehra,

Aapke hilte labon pr ye hasi achhi





Saturday, October 24, 2020

लाज़मी लगा

 तुम्हारें अरमानों की वादियों में तुम्हें छोड़ आना लाज़मी लगा,

जो बंधन कभी थे ही नहीं, उन्हें तोड़ आना लाज़मी लगा ।


मेरी ख़्वाहिश तेरे नयनों में,हमें देखने की थी,

जब ढूंढा,सूरत किसी और की थी,उन आँखों से उतर आना लाज़मी लगा।


अब तो डर भी नहीं लगता,तुम्हें खोने की सोच से,

तुम्हें तुमको सौंपकर, खुद को मना लेना लाज़मी लगा।


कैसे बयाँ करता अपने मोहब्बत का एहसास,

ये पाक मोहब्बत रुसवा ना हो कहीं ,अपने इश्क़ को खुद में छुपा जाना लाज़मी लगा।


मैं "रौशन" फरियाद करता भी तो भला किससे,

जिसका ख़ुदा रूठा हो,तुम्हें भूल आना लाज़मी लगा।।

◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆

Tumhare armano ki wadiyon mein tumhe chhor aana lajmi laga, 

jo bandhan kabhi the hi nhi, unhe tod aana lazmi laga. 


Meri khwahish tere nayno mein , hume dekhne ki thi, 

jab dhunda, surat kisi aur ki thi, un ankho se utar aana lazmi laga.    


Ab to dar bhi nhi lagta,  tumhe khone ki soch se, tumhe tumko saunpkar , khud ko mana lena lazmi laga.      


Kaise baya karte apne mohabbat ka ehsas , 

ye pak mohabbat ruswa na ho kahi, apne ishq ko khud mein chupa jana lazmi laga.     


Main "Raushan" fariyaad karta bhi to bhala kisse, 

jiska khuda rutha ho , tumhe bhul aana lazmi laga..




Thursday, October 22, 2020

आदत न थी

 यूँ तो तुम्हें इंतकाम की आदत न थी,

यूँ तो तुम्हें  इनकार की आदत न थी।


तुम तो लोगों के हृदय में खुदा ढूँढते थे,

यूँ तो तुम्हें बुतपरस्ती की आदत न थी।


मैंने तो तुम्हें खुद पर एतवार करते देखा था,

यूँ तो तुम्हें इज़्तिरार की आदत न थी।


अज़ल से तुम्हारें इमान को पाक देखा हमने,

यूँ तो तुम्हें इम्तियाज़ की आदत न थी।


तुमने सागर के हृदय में लहरों से दोस्ती की थी,

यूँ तो तुम्हें हाशिये की आदत न थी।


तुम तो ख़ालिस हुआ करते थे कभी,

यूँ तो तुम्हें कपट के चोंगें की आदत न थी।


तुम्हारा तो कल हमेशा "रौशन" हुआ करता था,

यूँ तो तुम्हें तारीकियों की आदत न थी।।

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

शब्द संकलन:-

इंतकाम-बदला/revenge; बुतपरस्ती-मूर्ति की पूजा;एतवार-भरोसा/faith;ईमान-श्रद्धा/belief; इज़्तिरार-विवशता/helplessness; अज़ल-शुरुआत/beginning; पाक-शुद्ध/pure; इम्तियाज़-अंतर करना/dicriminance;हाशिया-किनारा;खालिस-निष्कपट/pure;तारीकी-अंधेरा/darkness

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★



Tuesday, October 20, 2020

खुशी कहाँ आती

 जब स्वर्णिम स्वप्न टूट जाते हैं,

खुद के हाथ खुदी से छूट जाते हैं,

कहने को तो जी रहे होते हैं,

रहती लबों पर हँसी और खुदी से रूठ जाते हैं।


जो जमींदार है गमों के,खुशी कहाँ आती,

फक़त समझौता दर्द से करने से,हँसी कहाँ आती,

आज उन आँखों को इंतज़ार रहा आँसुओं का,

वो भी बेवफा निकली सहर,अश्रु कहाँ आती।

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

Jab swarnim swapn tut jate hai,

Khud ke hath khudi se chhut jate hai,

Kehne ko toh jee rhe hote hai,

Rehti labo pr hasi aur khudi se rooth jate h.


Jo zamindar hai gamo ke,khushi kahan aati,

Fakat samjhota dard se karne se,hasi kahan aati,

Aaj un aankhon ko intzar rha aansuon ka,

Woh v bewafa nikli sheher,ashru kahan aati




Saturday, October 17, 2020

मुस्कान लिख दूँ

 तेरे लरज़ते होंठों की मुस्कान लिख दूँ,

तुझपे फक़त कुछ शब्द क्या,मैं पूरी कलाम लिख दूँ।


गर तुम साथ चलने का पैमान कर सको,

मैं फ़लक पर अपनी मोहब्बत का पैगाम लिख दूँ।


तुमसे हार जाना भी मेरी बंदगी होगी,

तुम्हें पाकर मैं,नुसरत के निशां  लिख दूँ।


तुम्हारे चेहरे के नूर से चाँद भी शरमा जाए,

तुम्हें आँगन में बिठाकर,सितारों की शाम लिख दूँ।


जो हवा तेरी छुअन साथ लायी हो,

उस क़ासिद को खुद का सलाम लिख दूँ।


बड़ा फ़क्र है मुझे,मेरी मोहब्बत पर,

खुद को तुझमें शामिल कर,हमारे वज़ूद की पहचान लिख दूँ।


तेरी कुर्बत से हो जाउँ मैं "रौशन"

तुमको अस्हाब बना,तुझमें खुद का जहान लिख दूँ।।

★★★★★★★★★★☆★★★★★★★★★★★★★

शब्द संकलन:-

फक़त-सिर्फ/only;पैमान-वायदा/promise; पैगाम-संदेश/message; नुसरत-जीत/victory; नूर-प्रकाश/light; क़ासिद-संदेश वाहक/messenger; कुर्बत-नज़दीकी/closeness; अस्हाब-मालिक/lord

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

Tere larajte hotho ki muskan likh du,

Tujhpe fakat kuch shabd kya, main puri kalam likh du।


Agar tum sath chalne ka paiman kar sako,

Main falak par apni mohabbat ka paigam likh du.


Tumse haar jana bhi meri bandagi hogi,

Tumhe paakar main, nusrat ke nishan likh du.


Tumhare chehre ke nur se chand bhi sharma jaye,

Tumhe angan mein bithakar, shitaro ki sham likh du.


Jo hawa teri chhuan saath layi ho, 

Us kaasid ko khud ka salam likh du.


Bada fakr hain mujhe, meri mohabbat par,

Khud ko tujhme shamil kar humare wajud ki pehchan likh du.


Teri qurbat se ho jaun main "raushan"

Tumko ashaab bana, tujhme khud ka jahan likh du.



Thursday, October 15, 2020

शिकायत कैसी

 जो सुनना ही नहीं चाहते,उनसे शिकायत कैसी,

जिनके रास्ते ही जुदा हो,उनसे शिकायत कैसी।


हम तो उन्हें खुद से ज्यादा तरज़ीह दिया करते थे,

ये जंग तो उनकी थी,मेरी खुद से बगावत कैसी।


कहने को तो हमनवां थे हम उनके,

दिल तोड़कर,प्यार जताने की ये चाहत कैसी।


माँगते तो हम अपनी जां भी दे देते उनको,

फ़ासले माँगकर,दिये गए वक़्त की मोहलत कैसी।


ताज़्जुब होता था उनके दोहरे रंग पर हमें,

चुप कराकर,रुलाने की ये नजाकत कैसी।


अब हर रोज मेरे अश्क, मेरी पलकें भिगोया करते है,

दर्द के समंदर में,ये आंखों की शरारत कैसी।


जहाँ "रौशन" सवेरा मुकम्मल ही नहीं,

वहाँ दीपक जलाने की इजाज़त कैसी।।

◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆

शब्द संकलन:-

तरज़ीह-महत्व/importance; बग़ावत-विद्रोह/revolt; हमनवां-दोस्त/friend, फासला-दूरी/distance; मोहलत-वृद्धि/prolongation; ताज़्जुब-आश्चर्य/surprize; नज़ाकत-finicality; अश्क़-आँसू/tear

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

Jo sun na hi nhi chahte,unse sikayat kaisi,

Jinke raste hi zuda ho,unse sikayat kaisi.


Hm to unhe khud se jyada tarzih diya karte the,

Ye jung to unki thi,meri khud se bagawat kaisi.


Kehne ko toh humnava the hm unke,

Dil todkar, pyar jatane ki ye chahat kaisi.


Maangte toh hum apni jaan bhi de dete unko,

Fasle maang kar,diye gye waqt ki mohlat kaisi.


Tajjubb hota tha unke dohre rang par humein,

Chup karakar,rulane ki ye nazakat kaisi.


Ab har roj mere ashq,meri palkein bhigoya karte hai,

Dard ke samandar mein,ye aankhon ki shararat kaisi.


Jahan "raushan"savera mukammal hi nahi,

Wahan deepak jalane ki izazat kaisi.




Tuesday, October 13, 2020

तलाश

 ताउम्र तलाश रही,हम-नफ़स को पाने की,

यादों को समेटकर,एक कारवाँ बनाने की।


वो आयें, ठहरें और चले गए,

शायद जरूरत नहीं थी,उन्हें किसी बहाने की।


दर्द की लौ मुस्लसल बढ़ती ही जा रही थी,

मेरे आब-ए-चश्म की नाकाम कोशिश रही उसे बुझाने की।


तर्के-उल्फ़त के अंजुमन में,मैं अकेला कहाँ था,

असरार खुल गई थी,रिवायत-ए-ज़माने की।


अतीत तारीकियों में गुम सी हो गयी लगती हैं,

शायद 'रौशन' भविष्य हो,कोशिशें कुछ चरागाँ जलाने की।।

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

हमनफ़स-प्रियतम/friend;मुस्लसल-लगातार;

आब-ए-चश्म-आँसू/tear;तर्के-उल्फ़त-बिछड़ना/break up;अंजुमन-सभा; असरार-राज/secret;रिवायत-प्रथा/custom;तारीकी-अंधेरा/darkness;चरागाँ-दीपक/lamp

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

Ta-umra talaash rahi,hum-nafas ko pane ki,

Yadon ko sametkar,ek karwan banane ki.


Woh aayein,thehre aur chale gye,

Shayad jaroorat nahi thi,unhe kisi bahane ki.


Dard ki lau,musalsal badhti hi jaa rahi thi,

Mere aab-e-chasm ki naakam koshish rahi use bujhane ki.


Tarke-ulfat ke anjuman mein,main akela kahan tha,

Asrar khul gayi thi,rivayat-e-zamane ki.


Ateet tarikiyon mein gum si ho gayi lgti hai,

Shayad 'raushan' bhavisya ho,koshishe kuchh charagan jalane ki.




Sunday, October 11, 2020

उम्दा तेरी छाया

 खुदी को भूल बैठा हूँ,जब से तुझे पाया,

अब ना धूप लगती हैं, बड़ी उम्दा तेरी छाया।


मुकम्मल तू करा देगा,मेरी राह-ए-मंज़िल को,

बड़ी करिश्माई सी हैं, ईश्वर तेरी माया।


खोल ज्ञान चक्षु तू मेरे,मुझे कोई रास्ता दिखा,

कृपा इतनी सी कर दे,पलट दे मेरी काया।


सुना था कण-कण में,झलक तेरी ही मिलती हैं, 

क्यूँ मन के मंदिर में,तुझे खोज ना पाया।


मैं पापी,पतित,अपराधी हूँ तेरा,

मुझे अब माफ भी कर दे,हूँ दर पर  तेरे आया।।

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

Khudi ko bhul baitha hu ,jab se tujhe paaya,

Ab na dhoop lgti hai,badi umda teri chhaya.


Mukammal tu kara dega,meri raah-e-manzil ko,

Badi karasmaai si hai,ishwar teri maaya.


Khol gyan chakshu tu mere,mujhe koi raasta dikha,

Kripa itni si kar de,palat de meri kaaya.


Suna tha kan-kan mein jhalak teri hi milti hai,

Kyun man ke mandir mein ,tujhe khoj naa paaya.


Main papi,patit, apraadhi hu tera,

Mujhe ab maaf v kar de,hun dar par tere aaya.




Friday, October 9, 2020

बाबा(दादा जी)

 अभिमान भी वो,वरदान भी वो,

और मेरे दिव्य अरमान भी वो,

मेरी ज़मीं उनसे ही हैं,

और मेरे आसमान भी वो।


श्रेष्ठ है वो,सर्वश्रेष्ठ है वो,

घर में सबसे ज्येष्ठ है वो,

पथ प्रशस्त कराने के,

मार्गदर्शक वो और मार्ग भी वो।


बचपन में वो मुझे खुद के समीप सुलाया करते थे,

हर रोज नई-नई कहानियाँ सुनाया करते थे,

अब रोज तरसता हूँ, फिर बचपन में जाने को,

जब वो मुझे ज्ञान-दीप दिखाया करते थे।


ईमानदारी के छाँव तले,मेरा बचपन पूर्ण हुआ,

सीखी उनसे नायाब कलाएँ, गूढ़ रहस्य परिपूर्ण हुआ,

हर मुराद पूरी की,लाड़-दुलार से पाला हमको,

प्यार और ममता की परिभाषा,उनसे ही संपूर्ण हुआ।


विशिष्ठ व्यक्तित्व के धनी हैं वो,

और प्रखरता बढ़ाती उनका शान,

'बाबा' के चरणकमलों में,

मेरा कोटि-कोटि प्रणाम।।

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

Abhimaan bhi woh,vardan v woh,

Aur mere divya armaan v woh,

Meri jameen unse hi hai,

Aur mere aasmaan bhi woh.


Shresth hai woh,sarvashreshth  hai woh,

Ghar me sbse jyeshth hai woh,

Path prashast karane ke,

Margdarshak woh aur marg v woh.


Bachpan mein woh mujhe khud ke sameep sulaaya karte the,

Har roz nayi-nayi kahaniyan sunaya karte the,

Ab roz tarasta hu m phr bachpan mein jane ko,

Jb woh mujhe gyan-deep dikhaya krte the


Imaandari ke chhav tle mera bachpan purn hua,

Sikhi unse nayab kalayein,gudh rahasya paripurn hua,

Har muraad puri ki,laad-dulaar se pala humein,

Pyar aur mamta ki paribhasha unse hi sampurna hua.


Vishisht vyaktitva ke dhani hai woh,

Aur prakharta badhati unka shan,

'Baba' ke charankamlon mein,

Mera koti koti pranam




Wednesday, October 7, 2020

बाद-ए-सबा

 रात की तारीकियों में,क़मर की दख़लअंदाज़ी,

जैसे लगता हैं पट खुला हो आसमान का।


शम्स की पहली किरण के संग,बाद-ए-सबा की खुशबू,

जैसे फ़ज़ा में पीयूष घोल दिया हो किसी ने।


विहंग के कलरव,जैसे बयाँ कर रहे हो,

कितने खूबसूरत होते हैं, जिंदगी के शोर।


अनिल का मंद-मंद चलना,जैसे वो इल्तला कर रहा हो,

मंज़िल पाने के लिए चलते रहने का महत्व।


उपवन में सुमन की माधुर्यता,

जैसे लगता है इठला रही हो,गुलशन अपने सौन्दर्य पर।।

◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆

शब्द संकलन:-तारीकियाँ-darkness; क़मर-moon

शम्स-sun;बाद-ए-सबा-morning breeze; पीयूष-elixer of life/ambrosia;विहंग-bird; अनिल-air; सुमन-flower;

गुलशन-garden

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

Raat ki tarikiyon mein, qamar ki dakhalandazi,

Jaise lgta hai pat khula ho aasmaan ka.


Sams ki pehli kiran ke sath,baad-e-sava ki khusboo,

Jaise faza me piyush ghol diya ho kisi ne.


Vihang ke kalrav, jaise bayan kar rhe ho,

Kitne khubsoorat hote hai zindgi ke shor.


Anil ka mand-mand chalna jaise  iltala kara rha ho,

Manzil pane ke liye chalte rehne ka mahtva.


Upwan me suman ki maadhuryta,

Jaise lagta hai ithla rhi ho,gulshan apne sondraya par.






Tuesday, October 6, 2020

नेमत

 मैंने अम्मा के रूप में, ममता की नई मूरत देखी हैं,

दुनिया के दोहरे चेहरे में,एक पवित्र सीरत देखी हैं।


कैसे कहूँ,आँखों में आईने नहीं होते?

मैंने उनके चेहरे में,खुद की सूरत देखी हैं।


उनके बिना जिंदगी थम सी जाएगी,

कैसे बताऊँ, मैंने उनके बिन खुद से बगावत देखी हैं।


कैसे जोड़ दूँ, हर रिश्ते को खून के बंधन से?

मैंने उनके हृदय में,निश्चल प्रेम और आस्था देखी हैं।


कैसे कह दूँ, खुदा नहीं इस जहान में?

मैंने ईश्वर की इतनी बेशकीमती नेमत देखी हैं।।

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

Maine amma ke roop mein,mamta ki nayi moorat dekhi hai,

Duniya ke dohre chehre mein,ek pavitra sirat dekhi hai.


Kaise kahu aankhon me aaine nahi hote,

Maine unke chehre mein,khud ki soorat dekhi hai.


Unke bina zindgi tham si jayegi,

Kaise btau,main unke bina,khud se bagawat dekhi hai.


Kaise jod du,har ristey ko khoon ke bandhan se,

Maine unke hriday mein,nischal prem aur aastha dekhi hai.


Kaise keh du khuda nhi iss jahan me,

Maine ishwar ki itni beshkeemti nemat dekhi hai.

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

शब्द संकलन:-

मूरत-प्रतिमा, सीरत:-स्वभाव;नेमत-वरदान/उपहार

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★




Sunday, October 4, 2020

तुम आओ ना

 तुम आओ ना,तुमको दिखायेंगे हम,

कितनी हसीन लगती हो मेरी आँखों से,

तुम आओ ना,तुमको बतायेंगे,

वो अनकहे सच, जिसको सुन ने को तुम तरसी हो,

तुम आओ ना,तुमको दिखायेंगे कितनी सुनसान सी है जिंदगी तुम्हारे बिन,

तुम आओ ना,तुमको दिखायेंगे,

धड़कनो का ठहर जाना जब तुम पास होती हो,

तुम आओ ना,तुमको दिखायेंगे,

कितना गहरा असर हो गया है तम्हारी मोहब्बत का,

तुम आओ ना,तुमको दिखायेंगे, कितने अधूरे जज़्बात होते है जब तुम चुप होती हो,

तुम आओ ना,तुमको दिखायेंगे, कितनी तलब है तुमको पाने की,

तुम आओ ना,तुमको दिखायेंगे, वो सपने जो मैंने सज़ा रखे हैं तुम्हारे संग,

तुम आओ ना,तुमको दिखायेंगे, अपना कल, जो सिर्फ तुम्हें तलाश रही है,

तुम आओ ना, तुमको दिखायेंगे कि वो तुम्ही हो जिसे पाने की चाहत में खुद को खो चुका हूँ,

तुम आओ ना,तुम आओ तो सही.....

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

Tum aao naa,tmko dikhayenge hum,

Kitni haseen lgti ho meri aankhon se,

Tum aao naa, tmko btayenge,

woh Ankahe sach jisko sun ne ko tm tarsi ho,

Tum aao naa, tmko dikhayenge,

kitni sunsan si hai jindgi tumhare bin,

Tum aao naa, tmko dikhayenge, 

Dhadkano ka theher jana jb tm paas hoti ho,

Tum aao naa, tmko dikhayenge, 

Kitna gehra asar ho gya tmhari mohhabbat ka, 

Tum aao naa, tmko dikhayenge,

kitne adhure zazbaat hote hai jb tm chup hoti hoti ho,

Tum aao naa, tmko dikhayenge,

kitni talab h tumhe pane ki,

Tum aao naa, tumko dikhyenge,

woh sapne jo maine saza rakhhe h tumhare sang,

Tum aao naa, tmko dikhayenge,apna kal 

Jo sirf tmhe talaash rahi hai,

Tum aao naa,tumko dikhayenge,

woh tmhi ho jise pane hi chahat me khud ko kho chuka hu

Tum aao naa,tum aao to sahi....




Friday, October 2, 2020

तमाशा

 कल्पनाओं के सागर में,तुमसे मिलने की चाहत थी,

स्वप्नों की वादियों में,तुम्हें पाने की हसरत थी;

अनजान राहों पर तुम्हें, तलाशती रही मेरी अँखियाँ,

रूबरू तू नहीं मेरे,ख़ुदा की कैसी रहमत थी?


बसती थी तू मेरे,अंतर्मन की आशा में,

वास्तविक अर्थ ना तेरा था जीवन-प्रत्याशा में;

वफ़ा कैसी थी मेरी,ये कैसी थी मेरी उल्फ़त,

तमाशा बन गया था मैं,इस तमाशा में।।

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

Kalpanao ke sagar me, tumse milne ki chahat thi,

Sapno ki vaadiyon mein,tumhe pane ki hasrat thi;

Anjaan raaho pr tumhe,talaashti rahin meri aankhein,

Rubaroo tu nhi mere,khuda ki kaisi rahmat thi?


Basti thi tu mere,antarman ki aasha mein,

Vastavik arth naa tera tha jeevan-pratyasha mein,

Wafa kaisi thi meri,ye kaisi meri ulfat,

Tamaasha bn gya tha main,iss tamaasha mein.




Thursday, October 1, 2020

बलात्कार(हाथरस कांड)

 जज साहब,मैं खुद पर हुई दरिंदगी का किस्सा कैसे सुनाऊ?

किन शब्दों में कहूँ कि मेरा बलात्कार हुआ हैं?

लड़की होना ही खुद में एक शापित अभिशाप है,

मैं हाथरस की लड़की इसे झुठलाने की हिम्मत कहाँ से लाऊँ?


सबने किया है बलात्कार मैं किस-किस का नाम गिनाऊँ?

किसी पड़ोसी के सपने में,किसी अपने की सोच में,

रोज़ छली जाती रही किसी निर्मम मंसूबो की ओट में,

वो राह चलते लोग जो बेझिझक घूरते रहे मेरे उभार।


हर मज़हब,हर उम्र के लोगों से कुचली जाती रही,

रोंदे जाते रहे मेरे वक्ष,नोचा जाता रहा मेरा चेहरा,

हर क्षण नये खरोंच उगते रहे मेरे नितम्ब पर,

वो तीक्ष्ण ब्लेड घोंपे जाते रहे मेरे हर अंग में,

इतना होने पर भी वो खून के धब्बे  साक्ष्य नहीं बने।


मुझे मेरे बलात्कार की तारीख नही याद,

रखना भी नहीं चाहती।

बड़ी निर्दयता से काटा गया मेरा जिह्वा,

तोड़ी गयी मेरी रीढ़ और घोंटा गया मेरा गला,

मैं लड़ती रही खुद की लाचारी से,जीती रही मरते हुए भी।


सजा दिलवाना था उन्हें,निर्मम हत्या एवं बलात्कार के दोहरे जुर्म का,

पर वो भी संभव ना हो सका ,

साक्ष्य प्रमाणित किये बिना ही झोंक दिया गया मुझे मौत के गर्त में,

सभ्यताओं, मूल्यों एवं मर्यादाओं की बीसीयों सदियाँ ढाह दी फिर से,

इतिहास ने फिर साबित किया,इतिहास का दोहराना।


हमारे संविधान की भी इन बलात्कार में भूमिका बराबर की है,

बस फ़र्क़ इतना कि उन दरिंदों ने मेरे जिस्म का तार-तार कर दिया,

और संविधान अलग-अलग तारीख़े देकर लूटेगा हर रोज मेरी अस्मिता।


जज साहब,क्यूँ दी जाती है उन्हें इतनी तारीख़े,

क्यूँ दिया जाता है इन वहशियों को बढ़ावा,

क्यूँ  नही जारी करते अभी आप इनके मौत का फरमान,

क्यूँ लूटा जाता है हमारे घर-परिवार को।


कब तक चलती रहेंगी दरिंदगी हमारे समाज में,

कब तक लूटी जाएंगी बेटियों का भाग्य,

जरूरत हैं अब संसोधन हमारे संविधान में,

कुछ तो करें आप माँ-बेटियों के मान सम्मान में।।

★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★★

Jaj sahab , mai khud par huyi darindgi ka kissa kaise sunau?

Kin shabdo mein kahun ki mera balatkar hua hai,

Ladki hona hi khud mein ek shapit abhishap hai,

Main hathras ki ladki ise jhuthlaon ki himmat kahan se lau?


Sabne kiya hai balatkar, main kis-kis ka naam ginau,

Kisi padosi ke sapne mein, kisi apne ki soch mein 

Roj chhali jaati rahi kisi nirmam mansubon ki oat me,

Vo raah chalte log jo bejhijhak ghurte rhe mere ubhar.



Har majhab har umra ke logo se kuchali jaati rahi,

Raunde jaate rhe mere vaksh , nocha jata rha mera chehra;

Har chhan naye kharonch ugte rhe mere nitamb par,

Woh tikshn blade ghope jate rhe har ang mein,

Itna hone par bhi vo khoon ke dhabbe sakshay nahi bante.


Mujhe mere balatkar ki  tareekh bhi nahi yaad, yaad rakhna bhi nhi chahti,

Bari nirdayata se kata gaya mera jihva,

Todi gayi meri reedh aur ghota gaya mera gala 



Main ladti rahi khudki lachari se, jeeti rahi marte huye bhi 

Saja dilwana tha unhe , nirmam hatya aur balatkar ke dohre jurm ka,

Par vo bhi sambhav naa ho saka , sakshya pramanit kiye bina hi jhonk diya gaya mujhe maut ke gart mein,

Sabhyataon ,moolyon avam maryadaon ki beesiyon sadiyan dhah di gayi phir se, 

Itihaas ne phir sabit kiya , itihaas ka dohrana.



Hamare samvidhan ki bhi in balatkar mein Bhoomika barabar ki hai 

Bs frk sirf itna ki un darindo ne mere jism ka tar-tar kr diya

Aur samvidhan alag-alag taarikhe dekar 

Har roj lutegi meri asmita 



Jaj shahab , kyun di jaati hai unhe itni taarikhen,

Kyun diya jata hai in vahshiyon ko badhawa;

Kyun nahi jaari karte abhi aap inke maut ka farmaan,

Kyun luta jata hai hamare ghar -parivar ko.


Kab tak chalti rahegi darindgi hamare samaaj mein 

Kab tak looti jayengi betiyon ka bhagya ,

Jaroort hai ab sansodhan hamare samvidhan mein,

Kuchh to karein aap maa betiyon ke maan-samman mein.






Wednesday, September 30, 2020

वो मातु-पिता है मेरे

 परछाई उनकी,खुद के,हर ज़र्रे-ज़र्रे में देखते हैं,

उनकी इनायत से खुद को प्रबल देखते हैं;

वो शब्द नहीं, वो अर्थ नहीं, उनको परिभाषित करने को,

वो मातु-पिता हैं मेरे, उनमें खुदा देखते है।


उनकी उँगलियों को थाम,हमें चलने का ज्ञान मिला,

उनके होंठों की थिरकन से,वक्तव्यता का सज्ञान मिला;

अच्छे-बुरे कर्मों की नीति का महत्व उन्होंने ही बताया हैं,

सत्य-असत्य का भेद और उनसे ही अभिमान मिला।


विलक्षण आभा के धनी वो,मिला मुझको वरदान कोई ,

जीवन की कड़वाहट में जैसे बढ़ाता पियूष का मान कोई;

उनके सानिध्य में रहूँ हमेशा,ये मेरी अभिलाषा हैं,

उनके चरणकमलों सा पावन और नहीं स्थान कोई।।

◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆

Parchhai unki khud ke har zarre-zarre mein dekhte hai,

Unki inayat se khud ko prabal dekhte hai;

Wo shabd nhi woh arth nhi unko paribhashit karne ko,

Woh matu-pita hai mere,unme khuda dekhte hai.


Unki ungaliyon ko thaam,hmein chalne ka gyan mila,

Unke hothon ki thirkan se,vaktawyata ka sagyan mila;

Achhe-bure karmo ki niti ka mahatva unhone hi btaya hai,

Satya-asatya ka bhed aur unse hi abhimaan mila.


Vilakshan aabha ke dhani woh,mila mujhko vardan koi,

Jeevan ki kadwahat mein,jaise badhata piyush ka maan koi;

Unke sanidhya mein rahu hmesha,ye meri abhilasha hai,

Unke charan kamlo sa paavan aur nhi sthaan koi




Tuesday, September 29, 2020

गुजारिश हैं

 गुजारिश है तुमसे,मुझे एक आयाम दे दो,

बिखरा सा हूँ मैं,मुझे अपना नाम दे दो;

ख़्वाहिश तो हमेशा उजालों की थी मुझे,

पर अब मुझे बस अपना कीमती शाम दे दो।


थक गया हूँ मैं,फरेबों की गश्ती में,

पैर उठते नहीं अब,आराम दे दो;

तपते आफताब की किरण,अब चुभने लगी हैं,

अपने घनेरी ज़ुल्फ़ों का साया,सरेआम दे दो।


संजीदगी से सजे सपने जाने कहाँ खो से गये हैं,

गुजारिश है,अब उन सपनों को ,खुद की पहचान दे दो;

शायद जिंदगी रुठ सी गई हैं मुझसे,

मेरी ज़िंदगी में आकर,खुशी के फरमान दे दो।


मुस्सलसल खुद की नज़रों में गिरता जा रहा हूँ, 

अपने पलकों पर बिठाकर मुझे,मेरा आसमान दे दो;

तुमसे जुड़ सी गई हैं मेरी मंज़िल की डोर,

इसे स्वार्थ या फ़िर मोहब्बत का नाम दे दो।।

◆◆◆●●●◆◆◆◆●●●●◆◆◆◆●●●●◆◆◆●●●●◆◆

Guzarish hai tumse,mjhe ek aayam de do,

Bikhra sa hu main,mujhe apna naam de do;

Khwahish toh hmesha ujalo ki thi mujhe,

Par ab mujhe bss apna keemti sham de do.


Thak gya hu main,farebo ki gasti mein,

Pair uthte nhi ab,aaram de do;

Tapte aaftaab ki kiran ab chubhne lgi hai,

Apne ghaneri zulfo ka saya sareaam de do.


Sanjidgi se saje sapne,jane kahan kho se gye hai,

Gujarish h ab un sapno ko,khud ki pehchan de do;

Shayad zindgi rooth si gyi hai mujhse,

Meri zindgi me aakar,khushi ke farmaan de do.


Mussalsal khud ki nazro mein girta jaa rha hu,

Apne palko pr bithakar mujhe,mera aasmaan de do;

Tumse jud si gyi h meri manzil ki dor,

Ise swarth ya phir mohhabat ka naam de do.




Monday, September 28, 2020

मैं स्त्री हूँ

 मैं स्त्री हूँ, मर्यादा ही मेरा स्वरूप हैं,

तुम्हारे चेहरे हज़ार होंगे,हमारा एक ही रूप हैं;


अपने कुल संस्कारों का ,चाहे बलि चढ़ा दो तुम,

चाहे कितनी अवज्ञा कर लो,चाहे आबरू मिट्टी में मिला दो तुम;

तुम्हारी हस्ती रहेगी काबिज़,प्रथा हमारी अनूप हैं;

पर मैं स्त्री हूँ,मर्यादा ही मेरा स्वरूप है।


शब्दों की सीमा का चाहे,लाख उलंघन कर लो तुम,

चाहे कितने तन से खेलो,चाहे जितनी मांगे भर लो तुम;

चाहे जो भी सोच लो तुम,होना तुम्हारे अनुरूप हैं,

पर मैं स्त्री हूँ, मर्यादा ही मेरा स्वरूप हैं।


संस्कार की ओट में,जितना चाहो अतिक्रमण करो,

मैं तो घर की शोभा हूँ, तुम देश विदेश भ्रमण करो;

महापातकी,पथभ्रष्ट और रूप तुम्हारा अघरूप हैं,

पर मैं स्त्री हूँ, मर्यादा ही मेरा स्वरूप है।।

-------★★★------★★★--------★★★-------★★★------

Main stree hu,maryada hi mera swaroop hai,

Tumhare chehre hazar honge,hmara ek hi roop hai;


Apne kool sanskaro ka,chahe bali chadha do tm,

Chahe kitni awagyan kar lo,chahe aabroo mitti me mila do tm;

Tmhari hasti rahegi kabiz,pratha hmari anoop hai,

Par main stree hu,maryada hi mera swaroop hai


Shabdo ki seema ka chahe,lakh ullanghan kar lo tm,

Chahe kitne tan se khelo,chahe jitni maange bhar lo tm;

Chahe jo v soch lo tm,hona tmhare anuroop hai,

Par main stree hu,maryada mera swaroop hai


Sanskar ki oat mein,jitna chaho atikraman karo,

Main toh ghar ki shobha hu,tum desh-videsh bhraman karo;

Mahapatki,pathbhrast aur roop tmhara aghroop hai,

Par main stree hu,maryada mera swaroop hai।।




Sunday, September 27, 2020

कर्म

कर भरोसा अपने कर पर,कर जितना तुझसे होता है;

अब जाग जा,हे मानव तू! क्यूँ इतना तू सोता सोता है।


मन को खुद ही जागृत कर,कर्म को अपना हथियार बना;

मत बैठ तू भाग्य भरोसे,वक़्त कहाँ संयोता है।


कर्मभूमि के महासंग्राम में,उठा शस्त्र,सशक्त बन;

लिख डाल तकदीर तू अपनी,जिसे ख़ुदा पिरोता हैं।।

-------××××-------××××-------××××--------××××-----

Kar bharosha apne kar par,kar jitna tujhse hota hai;

Ab jaag jaa,hey manav tu,kyun itna tu sota hai;


Man ko khud hi jagrit kar,karm ko apna hathiyar bna;

Mat baith tu bhagya bharose,waqt kahan sanjota hai;


Karmabhumi ke mahasangram mein,utha hathiyar,sashakt ban;

Likh daal takdeer tu apni,jise khuda pirota hai।।



Saturday, September 26, 2020

व्यथित कृषक

 व्यथित हूँ मैं, रहने दो! क्या तुम आसार लाये हो?

वसंत तो चली गई, क्या फिर बहार लाये हो?


अश्रुपूर्ण धारा के संग, कृषक अपनी गाथा सुनाता है;

फसल तबाही की एक झलक, नग्न आंखों से दिखलाता हैं।


काश! बात यहीं पर थम जाती, पर कुछ घाव गंभीर हुये;

कुछ हो गये मख़फ़ी, तो कुछ कृषक फ़कीर हुये।


कर्ज़े में डूबा हुआ कंधा, ये वजन ना झेल सका;

हवाले खूद को किया मौत के,पूरी पारी भी ना खेल सका।


आँखें मुंदें आज के नेता,खुद में ही तल्लीन हुये;

अपराध बोध तो नहीं हुआ,पर जुर्म कई  संगीन हुये।


सरकार शून्य है और मंसूबे आँख दिखाते हैं;

मुबारक हो! बे-इल्मी बे-पर्द लोग हमारा देश चलाते हैं।


छोड़ो भी!


व्यथित हूँ मैं, रहने दो! क्या तुम आसार लाये हो?

वसंत तो चली गई, क्या फिर बहार लाये हो?

---------××××-------××××--------××××----------

Vyathit hu main,rehne do! kya tum aasar laye ho?

Vasnt to chali gyi,kya phr bahar laye ho ?


Ashroopurn dhara ke sang , krishak apni gaatha sunata hai;

Fasal tabahi ki ek jhalak, nagn aankhon se dikhlata hai।


Kash baat yahin par tham jati, prr kuchh ghav gambhir huye; 

Kuchh ho gye makhfi, toh kuchh krishak faqir huye।


Karze mein dooba hua kandha, ye vajan naa jhel ska ;

Hawale khud ko kiya maut ke,puri paari v naa khel saka।


Aakhein munde aaj ke neta khud me hi talleen  huye ;

Apradh bodh toh nhi hua par zurm kai sangin huye।


Sarkar sunya hai, aur mansoobe aankh dikhate hai ;

Mubarak ho! be-ilmi be-pard log humara desh chalate hai।


Chhodo v !


Vyathit hu main, rehne do! kya tum aasar laye ho?

Vasnt to chali gyi,kya phr bahar laye ho?

Friday, September 25, 2020

एक कड़वा सच

 विकाशशील है भारत देश,

और कहने हैं कुछ बात प्रिये!


यहाँ नेताओं का बोलबाला है,

बस उनकी बजती राग प्रिये!


उनकी मंजिल बाट जोह रही,

हमारा कहाँ प्रशस्त मार्ग प्रिये?


वो कूलर-ए.सी. में सोते हैं,

हमारा मच्छर लेती जान प्रिये!


बेरोजगारी छाई युवको के सिर,

और क्या दें प्रमाण प्रिये?


उन अनपढ़ को पूजती देश,

हमारा कहाँ सम्मान प्रिये?


उनके हाथ नोटो की गड्डी, 

हमारा जीरो बैलेंस बढ़ाती शान प्रिये!


वो हवाई जहाज़ के शहनशाह,

हमारा टूट रहा आसमान प्रिये!


गर विकाशशील इसको कहते है,

तो इसे दूर से कोटि-सलाम प्रिये!



Thursday, September 24, 2020

मुक़ाम

                               दृश्य-1😢

अनजान सड़को पर यूँ चलना रास नहीं आता,

थक चुका हूं सहर,बारम्बार गिर कर संभलना रास नही आता ;

सुन ले जिंदगी लोग मुझे कायर कहने लगे है,

कोई कह दे उनसे ज़रा खुद के ज़ज़्बातों से बाहर निकले वो,

मुझे उनका मुझकर तोहमत लगाना रास नही आता।

----------------------------------------

                                 दृश्य-2☺️  

नाकामी मिली तो क्या हुआ अभी और भी इम्तिहान बाकी हैं,

अभी दुनिया देखी ही कहाँ अभी तो सारा जहान बाकी हैं;

मेरे हौसले की ऊँचाइयाँ बड़े ही बुलंद हैं सहर,

फिर से लड़ेंगे हम अभी तो पाना मुक़ाम बाकी हैं।।



Tuesday, September 22, 2020

वो चाँद सी थी

वो चाँद सी थी, शीतलता का आँगन;
वो दर्पण में देखे, उन्हें देखें वो दर्पण।

खुशबू कली सी, वो रौनक परी सी;
उस चेहरे की छवि,कई ढूंढे है वन-वन।

मोहकता थी उनमें,भाव भंगिमा की धनी थी;
भोली थी इतनी,जैसे मृग कस्तूरी थी।

ना ईर्ष्या ना आशा,ना कोई कसक थी;
चाल मृगनयनी सी,शायद वो मेनका की सखी थी।।

Monday, September 21, 2020

ख़ुदा की बंदगी

अजल से अबद तक हमें उस खुदा की चाहत हैं;

अक़ीदा  है उनपे, और आंखों से इबादत है।

ये कायनात उनकी है, उन्हीं की मलकीयत भी है;
इख्तियार भी उनका, उन्हीं की असलियत भी है।

इस अय्यार दुनिया में,खुदा भी बन्दिशों में है;
चल मत चाल तू अपने,अभी तू गफलतों में है।

गर एहसास जो होता, तो कई सवालात ना आते;
चर्ख पर शम्स और  सितारे ना आते।

कुछ तो एहतियात कर,कुछ तो ख्याल कर;
वफा कर तो उनसे कर,कुछ मालूमात कर।

चैन की तो नींद उनसे ही आती हैं,
खुदा जो तेरे साथ है,तो फक्र बेमिसाल कर।

कोहसार हैं वो इस हयात के,
गर चढ़ सको,तो भरोसा बेशुमार कर।।
    ---------×××-------×××----

##शब्द संकलन##
अक़ीदा:-भरोसा;अय्यार:-मायावी;चर्ख:-आसमान;शम्स:-सूरज
कोहसार:-पहाड़;हयात:-जिंदगी
Add caption


Sunday, September 20, 2020

राह-ए-वफ़ा

बड़ी तपिस थी उनकी लफ़्ज़ों में , 

हमने तो बस आईना दिखाया था । 

वक़्त बेवक़्त आरज़ू चांद की थी उन्हें , 

बड़ी जद्दोजहद से हमने उसे भी मुक्कमल कराया था ।। 


हमने सोचा हम तो शौक -ए -कामिल होंगे उनके लिए , 

पर उन्होंने दिलासा किसी और को दिलाया था । 

बेवजह तो शायद नहीं थी मेरी मोहब्बत , 

इस इश्क़ ने तो जीना सिखाया था ।।


ना तो वक़्त ठहरा , ना ही सोच बदली ;

धड़कनों को भी ठहरने का ऐहसास मैंने कराया था । 

बेज़ान से हुए इस रिश्ते की डोर को , 

एक बारगी फिर राह -ए -वफा तक लाया था ।।




सोहबत

ख़्वाबों को हक़ीक़त दो,इन गलियों का ठिकाना दो, अपनी जुल्फ़ों को ज़रा खोलो,मुझे मेरा ठिकाना दो मयकशी का आलम है,मोहब्बत की फिज़ा भी है, आखो...